फर्रूखाबाद : उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जिले में विख्यात साहित्यिक सांस्कृतिक अभिव्यंजना संस्था प्रमुख एवं स्थानीय वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला चिकित्सक डॉ. रजनी सरीन ने कहा कि आज हमारे कवि और साहित्यकार समाज की विसंगतियों को बदलने में सक्षम है। डॉ. सरीन रविवार को नववर्ष की संध्या के पहले दिन शहर के लोहाई रोड स्थित अपने आवास पर विख्यात साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था अभिव्यंजना के बैनर तले आयोजित काव्य गोष्ठी एवं पत्रकारवार्ता में बोल रही थी।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि फर्रूखाबाद में जन्मी छायावाद युग की महान कवियत्री महादेवी वर्मा ने हिन्दी साहित्य में राष्ट्रीय स्तर तक अपनी विशेष पहचान बनाई। जिससे फर्रूखाबाद गौरवांवित है और विख्यात साहित्यिक सांस्कृतिक अभिव्यंजना संस्था महान कवियत्री महादेवी वर्मा की पहचान को आगे बढ़ाने के लिये कृतसंकल्प है। उन्होंने बताया कि सरकार देश को आगे बढ़ाने के लिये जो भी कदम उठा रही है। उसमें जनता की मजबूत भागेदारी होनी चाहिए।
उन्होने कहा कि इटावा-हरदोई-कन्नौज-फर्रूखाबाद आदि सभी का विकास ऐसा हो जिससे आने वाली संतानें भी विकास के पथ पर आगे बढ़ सकें, इसके लिये हमें एक-दूसरे को सहारा बनना होगा तभी सबकुछ अच्छा होगा और हमारा देश निरन्तर विकास पर आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने कहा कि आज हमारे कवि और साहित्यकार समाज की विसंगतियों को बदलने में सक्षम है। इस छोटे से प्रयास में साहित्यकारों एवं कवियों को आगे आना होगा। तभी हम मजबूती से राष्ट्र में विकास को और आगे बढ़ा सकेंगे।
इस अवसर पर संस्कार भारती साहित्यिक संस्था के संस्थापक सुरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि संस्कार भारती और अभिव्यंजना संस्थाएं निकट भविष्य में मिलजुलकर ‘आधुनिक युग की मीरा’ कहे जाने वाली महादेवी वर्मा की पहचान को बनाये रखने के लिये काम करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल (मिश्रा गुट) के उपाध्यक्ष एवं भाजपा के कार्यकर्ता अरूण प्रकाश तिवारी उर्फ ददुआ ने की और संचालन भूपेंद्र ने की।
