कोलकाता : ममता बनर्जी ने सोमवार को ‘दीदीर सुरक्षा कवच’ का अनावरण किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बंगाल के हर घर को उम्र, आर्थिक पृष्ठभूमि, सामाजिक स्थिति, जाति ,पंथ, और धर्म के निवासियों के लिए सुरक्षा कवच मिले।
इस अवसर पर सुश्री बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बंगाल में हर घर को सुरक्षित किया जाऐगा और यह सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत प्रतिक्रिया तंत्र भी स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘दीदीर सुरक्षा कवच’ को छह मुख्य क्षेत्रों को कवर करने के लिए डिज़ाइन किया गया है जो मानव जीवन की देखभाल और जीविका के लिए आवश्यक हैं। सुरक्षा कवच में पश्चिम बंगाल सरकार की कुल 15 योजनाएं हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सार्वजनिक सेवाओं की पहुंच, सामर्थ्य और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। सुरक्षा कवच ममता बनर्जी सरकार द्वारा डिजाइन की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बंगाल के प्रत्येक नागरिक को गारंटीकृत सार्वभौमिक सुरक्षा का भी प्रतीक है। अभियान तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा चलाया जाएगा, जो हर घर का दौरा करेंगे और ‘सुरक्षा कवच’ के बारे में जागरूकता पैदा करेंगे।
सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभियान की व्याख्या करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा, “हमने अपनी कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगभग 99 प्रतिशत लोगों को कवर किया है। सरकार ने कई मौजूदा मुद्दों का समाधान किया है। सरकार अपना काम करेगी लेकिन कुछ शिकायतें पार्टी स्तर पर भी मिल रही हैं। चूंकि सरकार तृणमूल कांग्रेस के नेताओं द्वारा चलाई जा रही है, इसलिए इस पहल से पार्टी नेताओं को विभिन्न गांवों के लोगों से जुड़ने और उनकी समस्याओं को सुनने में मदद मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “दुआरे सरकार की तरह, अब तृणमूल कांग्रेस कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंचने में लोगों की सहायता करने के लिए उनके दरवाजे पर आएगी। इस बात की भी संभावना है कि परिवार के कुछ सदस्यों को यह पता न हो कि आवेदन कैसे करना है। हमारे कार्यकर्ता उनकी आवेदन प्रक्रिया में नि:शुल्क सहायता करेंगे।”
इसमें छह मुख्य क्षेत्र खाद्य, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, आय और रोजगार बने हुए हैं जो पश्चिम बंगाल सरकार की 15 योजनाएं सुरक्षा कवच के अंतर्गत आती हैं। इसमें खाद्य साथी, बांग्लार आवास योजना, निजो गृह निजो भूमि, स्वास्थ्य साथी, कन्याश्री, शिक्षाश्री, एक्यश्री, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, लक्ष्मी भंडार, कृषक बंधु, सामाजिक सुरक्षा योजना, मानविक पेंशन, जय बांग्ला पेंशन योजना, बिधाभा भाटा और युवाश्री शामिल हैं।
तृणमूल सुप्रीमो ने इस बात पर भी जोर दिया कि पार्टी निरंतर विकास में विश्वास करती है। उन्होंने कहा,“इस अभियान के माध्यम से सभी ब्लॉक और नगर पालिकाओं को कवर किया जाएगा। दूसरों के विपरीत, हमारे निर्णय चुनाव से प्रभावित नहीं होते हैं। हम उनमें से नहीं हैं जो चुनाव से छह महीने पहले मुफ्त राशन देते हैं और चुनाव के तुरंत बाद इसे बंद कर देते हैं। चुनाव से पहले, ईंधन की कीमत कम हो जाती है और फिर चुनाव की समाप्ति के बाद और बढ़ जाती है।
हम ऐसे कदमों में विश्वास नहीं करते। लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना एक सतत प्रक्रिया है और हमने अक्षरशः उसका पालन किया है।” दो महीने तक चलने वाले दीदीर सुरक्षा कवच अभियान के दौरान, तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इन योजनाओं की पहुंच में कमियों की पहचान करने और उनके कार्यान्वयन के संबंध में शिकायतों को रिकॉर्ड करने के लिए राज्य भर में हर घर का दौरा करेंगे।
