फुल कोर्ट रेफरेंस के साथ दी गई विदाई
नैनीताल : उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर.सी.खुल्बे सोमवार को सेवानिवृत्त हो गए। फुलकोर्ट रेफरेंस के साथ ही उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में न्यायाधीशों के परिवार और अधिवक्तागण मौजूद रहे। मुख्य न्यायाधीश कोर्ट में फुल कोर्ट रेफरेंस का आयोजन किया गया।
इस मौके पर मुख्य न्यायाधीश विपिन सांघी, वरिष्ठ न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा, न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति शरद कुमार शर्मा, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा के अलावा रजिस्ट्रार जनरल विवेक भारती शर्मा व बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। मुख्य न्यायाधीश श्री सांघी व महाधिवक्ता एस.एन.बाबुलकर ने न्यायमूर्ति श्री खुल्बे के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल में उन्होंने कई अहम फैसले दिये। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभाकर जोशी ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि न्यायमूर्ति श्री खुल्बे को अच्छे न्यायविद् के साथ ही अच्छे इंसान के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल राकेश थपलियाल, जीए गजेंद्र सिंह संधू, मुख्य स्थाई अधिवक्ता सीएस रावत, वरिष्ठ अधिवक्तागण महेंद्र सिंह पाल, अवतार सिंह रावत, राजेन्द्र डोभाल, पुष्पा जोशी, एमसी पांडे, तनवीर आलम खान सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।
