गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बांदा में लिया गया केन नदी को प्रदूषण से बचाने का संकल्प

बांदा : उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के भूरागढ़ घाट में मंगलवार शाम सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गाजे बाजे के साथ केन नदी की आरती उतारी और दीप दान कर नदी को प्रदूषण से बचाने का संकल्प लिया। केन नदी को प्रदूषण से बचाने के लिये आज शाम नदी के तट पर केन जल आरती का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) गौ रक्षा समिति के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार प्रजापति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षाविदों , अधिवक्ताओं , व्यापार मंडल के पदाधिकारियों , पत्रकारों व संभ्रांत नागरिकों सहित निकटवर्ती गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
उपस्थित जन समूह द्वारा पहले केन नदी की विधिवत् पूजा की गई। बाद में शंखनाद , ढोल , मजीरा, डमरु , झांझ और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच केन नदी की आरती उतारी गई। कार्यक्रम में उद्योग व्यापार मंडल के आज 50 वर्ष पूरे होने पर केन नदी के तट पर दीप प्रज्वलित कर दीप दान भी किया गया। इस अवसर पर हर हर गंगे , हर हर महादेव , जय श्री राम के गगनचुंबी नारों से केन नदी का तट गूंज गया।
उल्लेखनीय है कि पर्यावरण के दृष्टिगत नगर की जीवनदायिनी केन नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिये पिछले तीन वर्षों से प्रत्येक मंगलवार की शाम नागरिकों द्वारा गाजे-बाजे के साथ केन नदी के तट पर पूजन , हवन , भजन और आरती के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें जीवनदायिनी केन नदी के प्रति लोगों की निरंतर आस्था बढ़ रही है और लोग पर्यावरण के प्रति जागरूक. होते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *