गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर के विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा-सहूलियत शासन की प्राथमिकता है। मिश्र ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि मकर संक्रांति के मौके पर एक माह के इस मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन पर्याप्त संख्या में रैन बसेरों व अलाव के इंतजाम सुनिश्चित करे ताकि ठंड के मौसम में किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो।
मेले के दौरान पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लोगों को कोरोना से सतर्क रहने के लिए भी जागरूक किया जाए। मुख्य सचिव एवं डीजीपी पूरे मंदिर व मेला परिसर का भ्रमण-निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को देखने के बाद कंट्रोल रूम जाकर उन्होंने परिसर की मॉनिटरिंग की व्यवस्था को देखा। मुख्य सचिव ने कहा कि शासन-प्रशासन का प्रयास है कि खिचड़ी के मेले में जो लोग यहां पर आएं, उन्हें बेहतर सुविधाएं मिले।
श्रद्धालुओं को कहीं कोई दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि व्यवस्था ऐसी हो कि यहां आने वाले लोगों को बदलते हुए उत्तर प्रदेश का एहसास हो। श्रद्धालु आसानी से मंदिर में आकर दर्शन कर सकेंगे। स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डॉक्टरों की तैनाती यहां की जाएगी।
