मुंबई : अमेरिकी फेड रिजर्व के जारी मिनट्स में आगे भी ब्याज दर में बढ़ोतरी के संकेत से दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के सपाट रहने से आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 37 पैसे की तेजी लेकर 82.45 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इसी तरह पिछले कारोबारी दिवस रुपया 26 पैसे मजबूत होकर 82.82 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था। कारोबार की शुरुआत में सात पैसे की बढ़त लेकर 82.75 रुपये प्रति डॉलर पर खुला रुपया सत्र के दौरान हुई बिकवाली से समर्थन पाकर 82.45 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और अंत में इसी स्तर पर बंद भी हुआ। हालांकि लिवाली के दबाव में यह 82.80 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर पर भी रहा।
