गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विकास के लिए भाजपा को दूसरे कार्यकाल की दरकार

अगरतला : अमित शाह ने गुरुवार को त्रिपुरा की जनता का आह्वान किया कि राज्य को अन्य प्रदेशों की बराबरी पर लाने के लिए आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोबारा सत्ता में लाया जाना चाहिए। दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम में ‘विजय संकल्प यात्रा’ रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा के पहले कार्यकाल में त्रिपुरा में राष्ट्रवाद की भावना स्थापित हुई और छोटे राज्यों में यह तीसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला राज्य बन गया है और अब प्रधानमंत्री के पास इसे देश में नंबर एक बनाने का मिशन है, जिसके लिए इस साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा का जीत महत्वपूर्ण होगी।
कांग्रेस, माकपा और तृणमूल कांग्रेस की आलोचना करते हुए शाह ने कहा , “ आजादी के बाद 72 वर्षों तक, अनुच्छेद 370 को कम्युनिस्टों और समान विचारधारा वाले दलों के समर्थन से कांग्रेस द्वारा पोषित किया गया था। वर्ष 2019 में जब मैंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के लिए विधेयक पेश किया था। तब सभी इसे रोकने के लिए एकजुट हुए लेकिन मोदीजी ने किसी की नहीं सुनी। नतीजतन, कश्मीर भारत का एक गौरवपूर्ण क्षेत्र बन गया है और वहां शांति बहाल हो गयी है।” उन्होंने कहा कि राज्य में वामपंथी शासन में कैडर राज, भ्रष्टाचार और जोड़-तोड़ का शासन था, लेकिन अब सब कुछ समाप्त हो गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा के शासन में शासन में स्पष्ट बदलाव आया है और त्रिपुरा में 10,000 करोड़ से अधिक का निवेश किया गया है तथा यह देश के अन्य राज्यों की तरह आगे बढ़ रहा है। राज्य के अधोसंरचना विकास के लिए 850 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्य निर्माण प्रगति पर है और पाँच वर्षों में आदिवासी क्षेत्र के विकास के लिए विश्व बैंक के 1300 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।

राज्य में पर्यटन के बुनियादी ढांचे में पांच वर्षों में एक बड़ा बदलाव देखा गया है और अब देश भर से लोग प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आ रहे हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला और युवाओं के लिए कई अवसर भी खुले। इससे पहले सुबह श्री शाह ने उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर में एक रथ पर जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई और उसके बाद एक रैली को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *