गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

11 नगर निकायों की कमान संभालेंगे जिलाधिकारी

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर निगम समेत जिले की नौ नगर निकायों का कार्यकाल शुक्रवार को पूरा हो गया। इन निकायों का चुनाव होने तक और नए अध्यक्षों के कार्यभार संभालने तक उनके प्रबंधन और प्रशासन की बागडोर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति करेगी। इस समिति में जिलाधिकारी के अलावा अपर जिलाधिकारी डा. अर्चना द्विवेदी शामिल रहेंगी। इन नौ नगर निकायों के अलावा गंगौह नगर पालिका का कार्यकाल 10 जनवरी को और बेहट नगर पंचायत का कार्यकाल आठ जनवरी को पूरा होगा।
सहारनपुर में नगर आयुक्त गजल भारद्वाज और अन्य निकायों में वहां के अधीशासी अधिकारी तीसरे सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। सबसे ज्यादा छह नगर निकायों का कार्यकाल आज समाप्त हो गया है। चिलकाना नगर पंचायत का कार्यकाल चार जनवरी को और सरसावा नगर पालिका और रामपुर मनिहारान नगर पंचायत का कार्यकाल पांच जनवरी को पूरा हो गया है।
सहारनपुर नगर निगम के पहले मेयर के रूप में भारतीय जनता पार्टी के नेता संजीव वालिया को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने पर भाजपा समेत सभी वर्ग के लोगों की ओर से हार्दिक बधाई दी गई और उनके कार्यकाल की सराहना की गई। उनके कार्यकाल में सहारनपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में शामिल किया गया। स्मार्ट सिटी का पूरा कामकाज इस वर्ष जुलाई तक पूरा होने की संभावना है। इसका बहुत बड़ा श्रेय मेयर वालिया को जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *