गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ट्रांसपोर्टरों से हफ्ता वसूली के आरोप में परिवहन अधिकारी गिरफ्तार

चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को लुधियाना में एक परिवहन अधिकारी को ट्रांसपोर्टरों से हफ्ता वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया।
ब्यूरो प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के तौर पर तैनात पंजाब सिविल सर्विसेज अधिकारी नरेंद्र सिंह धालीवाल के खिलाफ मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर पिछले साल नवंबर में दर्ज करवाई गई एक शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। प्रवक्ता के अनुसार उक्त शिकायत की जांच के दौरान पाया गया कि श्री धालीवाल हर महीने अलग-अलग ट्रांसपोर्टरों से उनके वाहनों के चालान जारी न करने के बदले कुछ निजी व्यक्तियों के जरिये रिश्वत वसूलता था। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने उस आरटीए से जुड़े पंजाब होम गार्ड्स वालंटियर बहादर सिंह की एक वीडियो क्लिप समेत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रवक्ता के अनुसार जांच में पता चला है कि आरोपी ने दिसंबर महीने में चार लाख रुपए रिश्वत की रकम प्राप्त की जिसमें से 1,70,000 रुपए खुद इस्तेमाल किये और बाकी 2,30,000 रुपए की होम गार्ड वालंटियर बहादुर सिंह को सौंप दिये। जांच के दौरान होम गार्ड वालंटियर ने बताया कि वह आरटीए का मातहत कर्मचारी है और उसे आरटीए के हुक्मों की पालना करनी पड़ती है और वह 2,30,000 रुपए की रिश्वत की रकम पेश कर सकता है। ब्यूरो ने प्रकरण में के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *