भोपाल : मध्यप्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मध्यप्रदेश को फूलों के उत्पादन का हब बनाएँगे। कुशवाह ने 42वीं अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी में यह बात कही। प्रदर्शनी शनिवार को भोपाल के गुलाब गार्डन में हुई। प्रदर्शनी में 600 से अधिक किस्म के गुलाब प्रदर्शित किये गये। उन्होंने कहा कि फूलों के उत्पादन में मध्यप्रदेश का देश में दूसरा स्थान है। प्रदेश में फूलों की खेती करने वालों को बढ़ावा दिया जायेगा।
शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में उद्यानिकी की खेती करने वालों के लिये अनेक कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। फूलों को सुरक्षित रखने के लिये भोपाल में फ्लावर डोम का निर्माण किया जा रहा है। इसमें फूलों को पर्याप्त समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। विभिन्न प्रकार के फूलों को विकसित करने और फूलों की नई प्रजातियों को बढ़ाने के लिये प्रदेश में फ्लोरी-कल्चर गार्डन बनाया जायेगा।
