गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

घना कोहरा छाने पर आगरा के इलाकों में 3 हादसे

एक की मौत, 18 घायल

आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में कड़ाके की सर्दी और कोहरे के कारण आये दिन सड़कों पर हादसे हो रहे हैं। जिले में और यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार सुबह तीन हादसे हुए। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और करीब 18 लोग घायल हो गए। घायलों में छह विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
आगरा-जगनेर मार्ग पर सरेंधी चौराहा के नजदीक घने कोहरे के कारण एक कार अवैध खनन करने वाले डंपर से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गम्भीर है। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक अन्य हादसे में यमुना एक्सप्रेस-वे के मांट टोल के निकट विदेशी पर्यटकों को आगरा घुमाने ले जा टेम्पो ट्रैवलर कोहरे के कारण कंटेनर से टकरा गया। इस दुर्घटना में छह विदेशी पर्यटकों सहित आठ लोग घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विदेशी पर्यटक ताजमहल देखने जा रहे था। हादसे में न्यूयार्क निवासी लुइस (58), एंड्रिया (56), करला (60), केटी (22), रोहण्डा (52), पोल (53) और आर्यनगर, दिल्ली निवासी ड्राइवर सुभाष तथा परवांश मोहल्ला, दिल्ली निवासी हरप्रीत सिंह घायल हो गये।
तीसरा हादसा आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर छलेसर के पास हुआ। यहां कोहरे में दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। ट्रकों की टक्कर होने के बाद पीछे आ रहे वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे में एक ट्रक चालक को चोटें आई हैं। गौरतलब है कि उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है और लोगों का कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने से हादसे हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *