लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में मंगलवार को वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन (ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट) की तैयारी बैठक आयोजित की गई और बैठक में कहा कि यह शिखर सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। मिश्र ने संबोधन में कहा कि राज्य में आगामी 10, 11 और 12 फरवरी को आयोजित होने वाला ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ऐतिहासिक होगा, इसकी तैयारी में कोई कमी नहीं रहनी चाहिये।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में आने वाले इन्वेस्टर्स को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होनी चाहिये। उन्होंने ग्लोबल इनवेस्टर समिट में आने वाले विशिष्ट महानुभावों, केन्द्रीय मंत्रियों, निवेशकों एवं अन्य अतिथियों के साथ लाइजनिंग ऑफिसर के रूप में आईआईएम, एकेटीयू अथवा आईआईटी के छात्रों को लगाये जाने का सुझाव दिया। उन्हें इस कार्य के लिये प्रशिक्षण भी दिया जाये।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल इनवेस्टर समिट में क्षेत्रीय सत्र की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिये सत्र के विषय आकर्षक और प्रेरणादायक होना चाहिये। क्षेत्रीय सत्र में वक्ता के रूप में विषय विशेषज्ञ और प्रख्यात व्यक्तियों का चयन कर उन्हें आमंत्रित किया जाये। विभाग द्वारा तैयार करायेे जा रहे ब्रोशर्स को साझेदार देश की भाषा में भी तैयार कराया जाये। आयोजन के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैले, इस पर कड़ी नजर रखी जाए।
मुख्य सचिव ने करीब 10 लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की जानकारी दिये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि रोड शो के माध्यम से प्राप्त अवशेष प्रपोजल्स की जल्द से जल्द समीक्षा कर निवेशकों से समझौता ज्ञापन में हस्ताक्षर कराये जायें। उन्होंने कहा विदेशों में और देश में जिन कंपनियों/संस्थाओं, औद्योगिक समूहों के साथ एमओयू हुआ है, उनसे लगातार संपर्क बनाए रखा जाये।
यदि किसी निवेशक की कोई समस्या है, तो उसका जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाये। उन्होंने कहा कि विभाग में निवेशकों के लम्बित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका तत्काल समाधान करा दिया जाये। उन्होंने कहा कि लघु, कुटीर एवं मध्यम उपक्रम (एमएसएमई) सेक्टर में भी निवेशकों को आकर्षित करने के लिये काम करने की जरूरत है।
बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त अरविन्द कुमार, अपर मुख्य सचिव चीनी उद्योग संजय आर भूसरेड्डी, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत महेश कुमार गुप्ता, प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पार्थसारथी सेन शर्मा, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, सचिव नियोजन आलोक कुमार, सीईओ इनवेस्ट यूपी अभिषेक प्रकाश, एसीईओ इनवेस्ट यूपी प्रथमेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और डेलॉयट इंडिया के अधिकारीगण मौजूद थे।
गौरतलब है कि 10-12 फरवरी तक ‘उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर समिट’ का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इस विशेष आयोजन के दृष्टिगत देश-दुनिया के निवेशकों को आमंत्रित करने गई ‘टीम यूपी’ को हर जगह उद्योग जगत की ओर से 12 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। यह ग्लोबल इन्वेस्टर समिट ऐतिहासिक होने जा रहा है। वर्ष 2027 तक प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की पूर्ति में यह इन्वेस्टर्स समिट सहायक होगा।
