जम्मू : जम्मू-कश्मीर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी देश एवं प्रदेश में और मजबूत होकर उभरेगी। वानी ने रामबन जिले के बनिहाल क्षेत्र के खारी और रामसू में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी शाखाओं के ‘भयानक मंसूबों’ के प्रति लोगों को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि ये लोगों को राजनीतिक लाभ और चुनावी लाभ के लिए बांटते हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर में आने वाली भारत जोड़ो यात्रा को सभी भारतीयों के लिए एक उम्मीद बताते हुए लोगों के भारी समर्थन की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि लोगों को भाजपा और उसकी शाखाओं के प्रति आगाह करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में कुछ जगहों पर लोगों को विभाजित करने के उद्देश्य से अधिक गुमराह कर भ्रम पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है, क्योंकि भाजपा ने महसूस किया है कि उसकी योजना चुनावी फायदे के लिए लोगों का शोषण करने पर शर्मनाक हार का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, “ राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा ने लोगों में विश्वास जगाया है, वह दिन दूर नहीं जब केंद्र में सत्ता संभालने के बाद से लोगों के प्रति भाजपा द्वारा अपनाई गई विभाजनकारी और गलत नीतियों के लिए भाजपा का सफाया हो जाएगा।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश को अंधेरे की ओर धकेल दिया है फिर भी यह झूठ और छल पर आधारित विभिन्न मामलों में बड़े-बड़े दावे कर रही है।
उन्होंने भारत जोड़ो को देश का सबसे महत्वपूर्ण आंदोलन बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमले, बढ़ती बेरोजगारी, अभूतपूर्व मूल्य वृद्धि, धार्मिक और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ है जो भारत के विचार के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा, “भारत एक विविधता वाला राष्ट्र है और देश में रहने वाले हर वर्ग के लोगों को समान अधिकार और उपचार की गारंटी देता है।” उन्होंने सभी समान विचारधारा वाले धर्मनिरपेक्ष दलों और विशेष रूप से जम्मू और कश्मीर के लोगों से भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अपील की।
कांग्रेस देश और जम्मू कश्मीर में मजबूत होकर उभरेगी
