बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय पर बीती रात पैदा हुई पेट और छाती से जुड़ी जुड़वा बच्चियों को इंदौर रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल बड़वानी के सिविल सर्जन डॉ मनोज खन्ना ने बताया कि रेहगुन निवासी अनीता ने बीती रात सिजेरियन ऑपरेशन से जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। 5.7 किलोग्राम वजन की बच्चियां (जुड़वा बच्चे) छाती और पेट से जुड़ी हुई थी।
डॉ खन्ना ने बताया कि उन्हें श्वसन संबंधी तकलीफों के चलते इंदौर स्थित एमवाई अस्पताल भेजने का फैसला किया गया।
उन्होंने बताया कि इंदौर में उनकी पूरी जांच होगी जिससे उनके जुड़े हुए अंग, हृदय ,फेफड़ों तथा अन्य शारीरिक अवस्थाओं की वास्तविक स्थिति पता चल सकेगी। इसके बाद ही उन्हें ऑपरेशन से अलग करने के बारे में निर्णय लिया जाएगा।
रेहगुन निवासी आशु और सुस्ती खेड़ा निवासी अनीता का विवाह 2020 में हुआ था। दंपति गुजरात में काम करते हैं और डिलीवरी के लिए बड़वानी जिले स्थित अपने ग्राम आए थे। रात में प्रसव पीड़ा होने के चलते उन्हें मेनिमाता स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उपरांत जिला अस्पताल लाया गया था। उल्लेखनीय है कि करीब 15 वर्ष पूर्व भी बड़वानी जिले के सेंधवा अनुविभाग में इस तरह की बच्चियों का जन्म हुआ था। उनका नाम सीता और गीता रखा गया था।
पेट और छाती से जुड़ी जुड़वा नवजात शिशुओं को इंदौर रेफर
