देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया में शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एक स्कूल में सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन से ही लोगों की जीवन रक्षा सुनिश्चित होगी। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन घर के बड़े-बुजुर्ग करें,जिससे बच्चे उनके आचरण से सबक सीख लें। अपने देश में प्रति घण्टे 15 लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होती है और इसके तिगुने लोग घायल होते हैं। सड़क दुर्घटना में मौत होने के कई प्रकरणों की जानकारी होने बाद भी बड़ी संख्या में लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करते। उन्होंने कहा कि लोग जितना जागरूक स्मार्टफोन में स्क्रीनगार्ड लगाने के लिए रहते हैं यदि उतनी ही जागरूकता सीट बेल्ट एवं हेल्मेट पहनने में दिखाए तो सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौत आधी हो जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक डा. राजेश सोनकर ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की पहली प्राथमिकता यातायात को सुचारू रूप से चलायमान रखने की होती है। लोग नियत स्थान पर वाहनों की पार्किंग करें, ओवर स्पीडिंग न करें, ड्राइविंग करते समय मोबाइल से बात न करें और रोड संकेतकों का पालन करें। एआरटीओ आशुतोष शुक्ला ने यातायात नियमों का पालन करने का अनुरोध किया।
सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन से होगी जीवन रक्षा
