फरार आरोपियों के घर चस्पा नोटिस
संतकबीरनगर : उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र में एक किशोरी को बहका फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में वांछितों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनके गांव में डुग्गी मुनादी कराई, उनके घर और गांव के महत्वपूर्ण स्थानों पर नोटिस चस्पा कर उन्हे न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी। आरोपियों के घरों पर चस्पा नोटिस में कहा गया है यदि सीआरपीसी की धारा 82 की कार्यवाही के बाद भी वे समयावधि के भीतर न्यायालय में हाजिर नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
दुधारा पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में आरोपियों के गांव में पहुंचकर उनके घर पर नोटिस चस्पा की, गांव में डुग्गी मुनादी करवाकर उन्हे समयावधि के भीतर कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि दुधारा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को बहका फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में मेंहदावल थाना क्षेत्र के समदा गांव निवासी अब्दुल मोइन एवं वफा के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। दोनो आरोपी काफी समय से फरार चल रहे है, न तो वे पुलिस गिरफ्त में आए और न ही कोर्ट में ही हाजिर हुए। उनके फरार चलने के कारण कोर्ट ने सीआरपीसी की धारा 82 के तहत उन्हे उपस्थित होने के लिए आदेश जारी किया।
