शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत समूचे प्रदेश में बर्फबारी और बारिश से शीतलहर बढ़ गई है, जिसका असर मैदानी इलाकों में देखा जा रहा है। शिमला, कुफरी,नारकंडा, खड़ापत्थर, चौपाल, रोहडू, चांशल, नारकंडा में बर्फ गिरने से ठंड बढ़ गई है।
इसके अलावा कबाइली इलाकों में लाहौल स्पीति जिले के लोसर के रोहतांग टनल, कुंजुम पास, बारालाचा लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के पांगी, भरमौर के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फ की मोटी परत बिछ गई है जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश होने से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है।
मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग 003 सहित दारचा-शिंकुला मार्ग, पांगी-किलाड़ राजमार्ग 26, काजा सड़क 505 ग्राफू से काजा बंद है और सुमदो से लौसर वाहनों के लिए खुला है।
इसी प्रकार ठियोग-चौपाल, ठियोग रामपुर, ठियोग रोहडू और शिमला से कुफरी भी बंद है और फिसलन भरा है। पुलिस ने कहा है कि इन मार्गों पर यात्रा करने से परहेज करें। बर्फबारी के चलते 245 के करीब छोटी बड़ी सड़कें बंद हो गई है, जबकि 4 राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाधित हैं। इसके अलावा 623 बिजली की लाइनें ठप हो गई है। सबसे ज्यादा 177 सड़कें लाहौल स्पीति में बंद है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला विभाग ने शनिवार से मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया है। आने वाले चार दिनों में धुंध और शीतलहर बढ़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा हिमपात कुल्लू के कोठी में 40 सेंटीमीटर रिकॉर्ड किया गया है।
शिमला में छह सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। सबसे ज्यादा 23 मिलीमीटर बारिश मनाली में रिकॉर्ड की गई है। ताजा बारिश और बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है, क्योंकि तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। शिमला का न्यूनतम तापमान 0.6 चल रहा है। केलांग, मनाली, कुफरी, कल्पा और नारकंडा में तापमान माईनस में चल रहे है। सबसे कम तापमान केलांग में माइनस 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
हिमपात के कारण 4 राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 245 सड़कें बंद
