गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत की संस्कृति खतरे में है

बैतूल : कमलनाथ ने आज कहा कि विश्व में ऐसा कोई देश नहीं है, जहां इतने धर्म, जातियां, भाषाएं देवी-देवता मौजूद है। कोई लोहड़ी पर्व मनाता है तो कोई पोंगल। यही हमारी संस्कृति है. पूरा विश्व भारत को ताज्जुब से देखता है, लेकिन आज हमारी संस्कृति खतरे में है।
कमलनाथ बैतूल जिले के आमला तहसील के ग्राम खेड़लीबाजार में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर ने हमे संविधान दिया। इतनी विविधता की चुनौती को स्वीकार किया। कई देशों में इसकी नकल हुई है, यदि यह देश गलत हाथों में चला जाएगा तो देश कहां जाएगा। इसके पूर्व कमलनाथ ने कांग्रेस पार्टी के मंडलम, सेक्टर, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों की बैठक लेकर आगामी विधानसभा चुनाव जीतने को लेकर मार्गदर्शन दिया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखे हमले करते हुए कहा कि हम मोदी के रास्ते पर चलना चाहते हैं या देश की संस्कृति के मुद्दें पर। यह निर्णय हमें खुद लेना है। हमारे संविधान और संस्कृति को जीवित रखने का मुद्दा है। आज तमिलनाडु में हिंदी भाषा का विवाद, तो पंजाब में खालिस्तान के नारे लग रहे है। गुमराह कर आपस में लड़ाने की राजनीति हो रही है। आज प्रदेश को कैसे सुरक्षित रखना है, इसके लिए आपको रक्षक बनना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि 15 साल बाद 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेशवासियों को भाजपा के शासन से मुक्ति मिली थी। कांग्रेस पार्टी की सरकार प्रदेश में आई थी। उस दौरान हमें ऐसा प्रदेश सौंपा जब किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी, महिलाओं के अत्याचारों में नंबर वन था। हमने शुरूआत कर कृषि में नई क्रांति लाकर प्रदेश की नई पहचान बनाई. साढ़े 11 माह के अल्प कार्यकाल में उनकी सरकार ने बड़ी संख्या में किसानों का माफ किया। पूरे प्रदेश में सौ रुपए में सौ यूनिट बिजली दी। गौशाला बनाकर गौमाताओं को सुरक्षित रखने जैसा निर्णय लिया लेकिन उनकी सरकार छल कपट कर गिरा दी।
कमलनाथ ने प्रदेश की शिवराज सरकार को कई मुदे पर घेरते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कितना भी गुमराह कर ले, लोग समझ चुके हैं। उन्होंने इंदौर में हाल ही में हुए इनवेस्ट समिट पर मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते कहा कि प्रदेश में लाखों लोग बेरोजगार है। सबसे पहले युवाओं को रोजगार दीजिए। इससे युवा शक्ति को मौका मिले। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि आज मिलावट, भ्रष्टाचार से मप्र की पहचान बन रही है। इसी वजह प्रदेश में निवेश नहीं हो रहा है। भ्रष्टचार के सिस्टम ने पूरे प्रदेश का नाम खराब किया है। इस मौके पर छिंदवाड़ा के सांसद नकुलनाथ ने भी सभा को संबोधित करते प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। सभा को पूर्व मंत्री एवं मुलताई के कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में बैतूल विधायक निलय डागा, घोड़ाड़ोंगरी विधायक भ्रम्हा भलावी एवं भैसदेंही विधायक धरमू सिंह सिरसाम के अलावा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील शर्मा, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा अतुलकर आदि पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *