चेन्नई : तमिलनाडु के मदुरै पलामेडु और तिरुचिरापल्ली जिले के सूरीयूर गांव में सोमवार को आयोजित प्रसिद्ध जल्लीकट्टू समारोह में दो लोगों की मौत हो गई है और सौ से अधिक लोग घायल हो गये।
यह समारोह सुबह आठ बजे से शुुरू होकर शाम पांच बजे तक चला।
पलामेडु में सांड के सींग मारने एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, इसके अलावा सूरीयूर में भी सींग मारने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मदुरै से मिली रिपोर्टों में कहा गया है कि पलामेडु समारोह में मारे गये व्यक्ति की पहचान अरविंद राज (26) के रूप में हुई हैं।
आज सुबह से नौ सांडों को काबू में करने के बाद और सबसे अधिक सांडों को वश में करने के लिए तीसरे स्थान पर रहने के बाद अरविंद ने अखाड़े में एक और सांड को काबू में करने का प्रयास किया। इस दौरान सांड ने उसे सींग मारकर घायल कर दिया। पेट के निचले हिस्से में गंभीर चोटों के साथ अरविंद को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल (जीआरएच) ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के दौरान 40 से अधिक लोग घायल हो गए और उनमें से कुछ को इलाज के लिए जीआरएच भेजा गया है।
सबसे अधिक 23 सांडों को काबू करने वाले चिन्नापट्टी गांव के तमिझारसन प्रथम स्थान पर रहे और मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की ओर से उन्हें पुरस्कार स्वरूप कार प्रदान की गई।
पलामेडु के मणिकंदन ने 19 सांडों को काबू कर दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें पुरस्कार स्वरूप दोपहिया वाहन दिया गया। राजा 15 सांडों को काबू कर तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें पुरस्कृत किया गया।
तिरुनेलवेली पोन्नारसामी मंदिर से संबंधित सांड़ को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया और उसके मालिक को दोपहिया वाहन पुरस्कार स्वरूप दिया गया।
जल्लीकट्टू समारोह में 2 की मौत, सौ से अधिक घायल
