अजमेर : राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अजमेर में एसओजी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्या मित्तल को एक मामले में दलाल के मार्फत दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में आज गिरफ्तार किया।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) हेमंत प्रियदर्शी के अनुसार परिवादी ने एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई की जयपुर इकाई को शिकायत की कि उसके विरुद्ध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एसओजी में दर्ज प्रकरणें में गिरफ्तार नहीं करने एवं मदद करने की एवज में अनुसंधान अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्या मित्तल द्वारा अपने दलाल सुमीत कुमार के माध्यम से स्वयं एवं उच्च अधिकारियों के नाम पर दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।
श्री प्रियदर्शी ने बताया कि इस पर एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई जयपुर के अतरिक्त पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह शेखावत के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी दिव्या मित्तल एवं उसके दलाल सुमीत कुमार द्वारा परिवादी से दो करोड़ रुपए की रिश्वत की मांग सत्यापित हुई। सत्यापन वार्ता में आरोपियों द्वारा परिवादी के अनुनय विनय करने पर पहले एक करोड़ फिर 50 लाख रुपए की मांग पर सहमति जाहिर की। आरोपी रिश्वत के रुप में 25 लाख रुपए अभी लेने एवं 25 लाख रुपए परिवादी की बहन की शादी के बाद लेने पर राजी हुए।
उन्होंने बताया कि इस दौरान एसीबी की कार्यवाही की भनक लग जाने के कारण आरोपियों द्वारा रिश्वत ग्रहण नहीं की। एसीबी द्वारा मामले में प्रकरण दर्ज करके न्यायालय से वारंट प्राप्त किया गया। प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक मांगी लाल स्पेशनल यूनिट द्वितीय जयपुर के नेतृत्व में एसीबी की विभिन्न टीमों द्वारा एक साथ कार्यवाही करते हुए आरोपियों के पांच विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाकर आज आरोपी दिव्या मित्तल को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दलाल सुमीत कुमार फरार हो गया।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम एन के निर्देशन में आरोपियों से एसओजी एवं पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों की संलिप्तता के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार
