गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की उमड़ी भीड़

शिमला : हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी ने पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित किया है। हिमाचल की राजधानी शिमला सहित मनाली में बर्फबारी के बाद इस बार सप्ताह के अंत में सैलानियों की काफी संख्या बढ़ गई है। दूसरे राज्यों से शिमला और मनाली पहुंचे तथा घर लौट रहे पर्यटकों को हालांकि आने-जाने में दिक्कत हुई लेकिन फोर व्हील ड्राइव वाहन उनका सहारा बने। दिन को पर्यटकों ने सभी पर्यटन स्थलों में बर्फ में खेलने का आनंद उठाया। मनाली में सुबह से शुरू हुआ बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शाम तक जारी रहा।
कुफरी, नारकंडा से लेकर जिला भर के पर्यटन स्थलों पर सैलानी काफी संख्या में पहुंचे। बर्फबारी का इंतजार कर रहे सैलानियों को भले ही राजधानी की सड़कों पर बर्फ नहीं मिल रही है लेकिन जाखू की पहाडि़यां अभी तक बर्फ से कवर है। बर्फ में चलने और इसे खेलने का मजा लेने के लिए सैलानियों को कुफरी का रुख करना पड़ रहा है। स्कीइंग का मजा लेने के लिए के लिए सैलानी नारकंडा जा रहे हैं।
बर्फबारी न सिर्फ सैलानियों के लिए बल्कि पहाड़ों पर रह रहे कारोबारियों के लिए भी अच्छी खबर लेकर आई है। सैलानियों की संख्या बढ़ने के बाद शहर में पर्यटन कारोबारियों को भी एक उम्मीद दिखने लगी है। पर्यटकों की भीड़ एक बार फिर पहुंचनी शुरु हो गई है। इसी को देखते हुए शिमला में होटल पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। शहर के आसपास के होटल होम स्टे व गेस्ट हाउस अभी पूरी तरह से बुक है।
अधिकतर पर्यटकों ने मनाली में बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे है। कुछ एक पर्यटक दोपहर को फोर व्हील ड्राइव वाहनो में बाहंग व नेहरुकुंड पर्यटन स्थल जा पहुंचे। हांलाकि पर्यटकों के लिए कोठी, पलचान, गुलाबा, सोलंगनाला, अंजनी महादेव, फातरु व हामटा बंद रहे।
मनाली में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि हिमपात पर्यटन नगरी के पर्यटन कारोबार के लिए लाभकारी होगी। उन्होंने बताया कि मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में हिमपात हो रहा है। आने वाले समय में पर्यटक इन पर्यटन स्थलों में बर्फ का खूब आनंद उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *