गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बाहरी लोगों को 1 इंच जमीन हड़पने नहीं देंगे

श्रीनगर : अल्ताफ बुखारी ने सोमवार को कहा कि वह राज्य में एक इंच जमीन भी बाहरी लोगों को हड़पने नहीं देंगे। बुखारी ने सोमवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,“हम यहां से एक इंच जमीन भी हड़पने नहीं देंगे। अगर कहीं पर भी किसी जमीन से किसी को भी बेदखल किया जाता है तो उस पर रहने का पहला अधिकार कश्मीरी लोगों का है।”
उन्होंने कहा कि ऐसी धारणा फैलाई जा रही है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को बाहर कर दिया जाएगा और बाहर के लोगों को यहां बसाया जाएगा। उन्हाेंने कहा,“हम इस देश का हिस्सा हैं और इस देश के संविधान के तहत हमें भी सभी अधिकार प्राप्त हैं।”
उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की मंशा अच्छी हो सकती है लेकिन गरीबों के साथ न्याय होना चाहिए। उन्होंने कहा,“मैं यह नहीं कह रहा हूं कि जमीन हड़पने वालों को खुली छूट दी जानी चाहिए लेकिन गरीब लोगों के साथ न्याय होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में विकास कर रहा है और जम्मू-कश्मीर के लोगों को इससे वंचित नहीं किया जा सकता है। उन्होंने श्री सिन्हा से अपील की कि कछरई की जमीन पर जिन लोगों के घर और दुकान हैं, उनके साथ न्याय करें। उन्होंने कहा कि लोगों को यह नहीं लगना चाहिए कि सरकार गांवों और कस्बों में गरीब लोगों की संपत्तियों को गिराने के लिए बुलडोजर लेकर आई है।
उन्होंने कहा कि किसी न किसी तरह से घाटी में शांति भंग करने की धारणा बनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया,“यहां की नौकरशाही ज्यादा वफादार बनने की कोशिश कर रही है। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि सभी अपनी शक्तियों का अवैध रूप से उपयोग कर रहे हैं, लेकिन कुछ अधिकारी हैं जो किसी न किसी बहाने लोगों को धमका रहे हैं।”
उन्होंने कहा,“मैं सरकार से इन अधिकारियों से इस तरह के कृत्य करने से बचने की अपील करता हूं। इसे किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो सार्वजनिक रूप से आवश्यक कार्रवाई के लिए उन अधिकारियों का नाम लेंगे।
उन्होंने सरकार से अपील की कि बेदखल की गई जमीन जम्मू-कश्मीर के युवाओं के पक्ष में जारी की जाए और पहला अधिकार उन लोगों को दिया जाए जिनके पास कोई नौकरी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *