गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी

शिमला : हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी और मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक बुई लाल ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने वाली है, जिसका असर 29 और 30 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में दिखेगा। इस दौरान कुल्लू, चंबा, मंडी, कांगड़ा ,शिमला, लाहौल स्पीति और किन्नौर ज़िला के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 31 जनवरी से मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
प्रदेश में चार नेशनल हाईवे समेत 219 सड़कें अवरुद्ध हैं। रोहतांग दर्रा नेशनल हाईवे-03, जलोड़ी दर्रा नेशनल हाईवे-305 ग्रांफू से लोसर नेशनल हाईवे-505 और नेशनल हाईवे दारचा-सरचू पूरी तरह अवरुद्ध हैं। लाहौल-स्पीति जिले में सबसे ज्यादा 136 सड़कों पर आवाजाही बंद है। चंबा जिले में 55, कांगड़ा में 2, किन्नौर और सिरमौर में 3-3 सड़कें अवरुद्ध हैं। कुल्लू में 10, मंडी में सराज उपमंडल में 4 और शिमला में रामपुर, चौपाल और डोडरा क्वार उपमंडल की 6 सड़कें अवरुद्ध हैं। प्रदेश भर में 382 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। कई क्षेत्रों में ब्लैकआउट है। चंबा, डलहौजी, तीसा, सलूणी, भरमौर, पांगी, भटियात उपमंडलों में 354 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। किन्नौर में 9, ऊना में 3, मंडी में 1 और लाहौल-स्पीति में 15 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। वहीं 72 जलापूर्ति योजनाएं भी प्रभावित है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान केलांग शून्य से कम 11.2, नारकंडा 1.7, कल्पा शून्य से कम 3.4, कुफरी में 3.4, मनाली में 0.4, डलहौजी में 3.5, शिमला में 4.8, रिकांगपिओ में -0.8, सराहन में 1.0, धर्मशाला में 6.2, ऊना में 5.0 सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *