सिरसा। हरियाणा में ग्राम पंचायतों में कार्य ईटेंडरिंग के द्वारा करवाए जाने के विरोध स्वरूप रविवार को सिरसा- दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या नो पर भावदीन टोल प्लाजा के पास क्षेत्र के सरपंचों ने एकत्रित होकर जाम लगा दिया। रोड जाम कर रहे सरपंचो का नेतृत्व दड़बा कलां की सरपंच एवं हरियाणा सरपंच एसोसिएशन की उपाध्यक्ष संतोष बेनीवाल व नाथूसरी कलां की सरपंच रीटा कासनियां कर रही थी। दोपहर एक बजे तक सरपंचो ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या नो पर जाम लगाए रखा जिससे वाहनों का आवागमन नहीं हो सका जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सरपंच राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। सरपंचों की विरोध के दृष्टिगत थाना के प्रभारी रामनिवास के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने बताया कि जब तक ई टेंडरिंग का फैसला सरकार वापस नहीं लेती तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश कमेटी की कल सुनारिया में एक बैठक हुई थी ,जिसमें फैसला लिया गया था कि राज्यभर में आज मार्ग जाम किए जाएं उसी कड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या नौ को जाम किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गोहाना में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली का भी सरपंचो द्वारा विरोध किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री शाह की रैली में कम से कम लोग जा सके इसलिए जगह-जगह बड़े मार्गों पर जाम लगाया गया है। उन्होंने बताया कि कल ग्राम स्तर पर जाम लगाए जाएंगे।
