भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज यहां निवास पर समत्व भवन में भारत यात्रा पर आए तंजानिया के शिष्टमंडल ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने अतिथियों को मध्यप्रदेश की विशेषताओं, क्रियान्वित जन-कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार आज जिन लोगों ने श्री चौहान से भेंट की उनमें अब्दुल रहमान किनाना प्रमुख हैं, जो 25 से 30 जनवरी 2023 तक भारत यात्रा पर आए 5 सदस्यीय सीसीएम प्रतिनिधि-मंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। किनाना, तंजानिया की शक्तिशाली सत्ताधारी पार्टी सीसीएम के उपाध्यक्ष हैं, जो वर्ष 1961 में आजादी के बाद से सत्ता में है। अन्य सदस्यों में संसदीय समिति के सदस्य अब्दुल्ला म्वीनी, मसाफिरी विल्बर्ट, थाडेओ बुरटन और सलुम बकारी सूमा शामिल हैं। चौहान ने शिष्टमंडल के सदस्यों को पुस्तकें और उपहार भेंट किए। उन्होंने प्रतिनिधि-मंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भोपाल झीलों का शहर है। भारत और तंजानिया के साथ ही प्रतिनिधि-मंडल का आगमन संपूर्ण विश्व के लिए अच्छी पहल है। भारत और तंजानिया के मध्य सद्भावना का सिलसिला पुराना है। तंजानिया में भारतीय मूल के 50 हजार से अधिक लोग रहते हैं। द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास हो रहे हैं। दोनों देशों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में बहुआयामी संबंधों को साझा किया जाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई शिक्षा नीति में अनुसंधान पर जोर दिया गया है। अनेक स्टार्टअप्स प्रारंभ हुए हैं। मध्यप्रदेश भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। खेलो इंडिया की गतिविधियां मध्यप्रदेश में भी हो रही हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलना गर्व का विषय है। मनुष्य को प्रसन्नता का वातावरण उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। लोगों को योजनाओं का आवश्यक लाभ दिलवाने और स्वच्छता जैसे कार्यों में जन-भागीदारी को बढ़ावा दिया गया है। मध्यप्रदेश, प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में सक्रियता से कार्य कर रहा है। चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन के अनुरूप योजनाओं को लागू किया है। गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। सड़क, सिंचाई, बिजली, पेयजल की व्यवस्थाएं मजबूत बनाई गईं। बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान के साथ ही आँगनवाड़ियों को एडाप्ट करने, पौधे लगाने और आनंद विभाग से विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। यहां के नागरिक संग्रह में विश्वास न कर उपयोग में न आने वाली वस्तुएं और वस्त्र इत्यादि अन्य जरूरतमंद लोगों को प्रदान कर देते हैं। मध्यप्रदेश में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवा कर कृषि लागत घटाने का कार्य किया गया है।
