केंद्रपाड़ा। ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यानकर्मियों ने प्रवासी पक्षियों का शिकार करने के आरोप में 38 वर्षीय एक विधवा सहित दो शिकारियों को गिरफ्तार किया है। वनकर्मियों ने दो शिकारियों के पास से 14 मृत प्रवासी पक्षियों को जब्त किया है, जिनमें से चार रुडी शेल्डक और 10 सीटी बत्तखें हैं। दोनों शिकारियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया और रविवार को राजनगर की जेएमएफसी अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। कनिका वन रेंज के रेंजर मानस कुमार दास ने सोमवार को कहा कि शिकारियों ने भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के महला गांव में नशीले पदार्थ वाला आहार खिलाकर प्रवासी पक्षियों को जाल में फंसाया था। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि शिकारियों ने प्रवासी पक्षियों का शिकार करने के लिए भितरकनिका अभयारण्य में कथित रूप से घुसपैठ की है, जिसके बाद वनकर्मियों ने छापेमारी की और रविवार को शिकारियों को गिरफ्तार करने में सफल रहे।
