भोपाल : शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय बजट में आज मध्यम वर्ग को दी गई राहत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार प्रकट करते हुए कहा कि ये राहत देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इस वर्ग के निस्वार्थ योगदान का सम्मान है।
चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि अमृत काल के इस बजट में वित्त मंत्री ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है। छूट की सीमा में वृद्धि और नई कर व्यवस्था में बदलाव से लोगों के हाथ में अधिक पैसा बचेगा, खपत बढ़ेगी और विकास को गति मिलेगी। यह देश की जीडीपी में उनके निस्वार्थ योगदान का सम्मान है।
बजट के एक अन्य प्रावधान के संदर्भ में चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार द्वारा आवासीय एकलव्य मॉडल विद्यालय के लिए 38 हजार शैक्षणिक एवं सहायक स्टाफ की भर्ती की घोषणा अभिनंदनीय है। जनजातीय समाज की प्रतिभाओं को निखारने में यह कदम क्रांतिकारी साबित होगा। जनजातीय विद्यार्थियों के जीवन में इस निर्णय से अभूतपूर्व परिवर्तन आयेगा। इससे देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश के जनजातीय विद्यार्थियों के जीवन को एक नई दिशा मिलेगी।
केंद्रीय बजट में मध्यम वर्ग को राहत : शिवराज
