गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गुलमर्ग रिसॉर्ट में हिमस्खलन

दो विदेशी स्कीयरों की मौत

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में विश्वप्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में बुधवार को भीषण हिमस्खलन की चपेट में आकर दो विदेशी स्कीयरों की मौत हो गयी। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गुलमर्ग के हापथ खुद में अफरवत पहाड़ियों के पास आज दोपहर हिमस्खलन हुआ। गुलमर्ग रिसॉर्ट में हिमस्खलन की घटना कैमरे में कैद हो गई और इसमें लोगों को सुरक्षा के लिए भागते हुए दिखाया गया।
उन्होंने बताया कि 21 विदेशी नागरिकों और दो स्थानीय गाइडों की तीन टीमें स्कीइंग के लिए अफरवत गुलमर्ग गयी थी। दोपहर करीब 12.30 बजे हापथ खुद कांगडोरी में हिमस्खलन हुआ, जहां ये स्कीइंग दल फंस गये। सूचना मिलने पर पुलिस और पर्यटन विभाग की संयुक्त बचाव टीम मौके पर पहुंचीं। बचाव दलों ने 19 विदेशी नागरिकों और दो गाइड को बचा लिया है , लेकिन दो विदेशी नागरिकों की हिमस्खलन में फंसकर मौत हो गयी। मृतकों की तात्कालिक रूप से पहचान नहीं की जा सकी है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय कानूनी प्रक्रियाओं के लिए शवों को अस्पताल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में दो दिन पहले सीजन की पहला बड़ा हिमपात हुआ था। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने मंगलवार को बारामूला , बांदीपोरा, गांदरबल, कुपवाड़ा, कुलगाम, पुंछ और रियासी के कई अन्य जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *