कुशीनगर : आम बजट में पर्यटन क्षेत्र का विशेष ख्याल रखने के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के ऐलान से भगवान बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में विकास और रोजगार के और अधिक अवसर पैदा होने की संभावना बढ़ गयी है।
पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अधिकृत सूत्रों का मानना है कि केंद्र सरकार के बजट में पर्यटन को अहमियत देने से कुशीनगर में भी इससे संबंधित योजनाएं परवान चढ़ेंगी। जिले में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए काम शुरू हो चुका है। राज्य सरकार की सहायता से पर्यटन को बढ़ावा देने की घोषणा बजट में की गई है। उम्मीद है कि इससे कुशीनगर में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कुशीनगर में महात्मा बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली है। इसके अलावा महात्मा बुद्ध से जुड़े अन्य प्रमुख स्थल भी हैं। सभी स्थलों पर पर्यटकों के लिए सुविधा बढ़ाने का काम शुरू हो चुका है। तुर्कपट्टी के सूर्य मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर इको टूरिज्म की योजना पर जिला प्रशासन काम कर रहा है। जिले में पर्यटन विकास को प्रोत्साहन मिलने पर योजनाएं आगे बढ़ेंगी। हाल के दिनों में फाजिलनगर के सठियांव और रामकोला के मनीताल में नौकायन की सुविधा शुरू कराई गई है।
महात्मा बुद्ध से जुड़े सुमही बुजुर्ग, बदुराव, फरेंदहा, उस्मानपुर ,बकुलहर और कुकुत्था नदी स्थल पर पर्यटन विकास प्रस्तावित है। जिले में पुरातात्विक अवशेषों को संरक्षित कर संग्रहालय बनाने, विक्टोरियन लैंप, पाथ. पार्क और बेंच इत्यादि लगाने के संबंध में कार्ययोजना बनी है। केंद्र सरकार के बजट में अलग से महत्व मिलने पर जिले के भीतर पर्यटन को बढ़ावा मिल सकेगा।
बजट में सरकार ने पर्यटन पर जोर दिया है। इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात हुई है। पर्यटन का विकास होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उपेक्षित स्थलों को योजनाओं में चयनित करके वहां का विकास किया जा सकेगा। इससे होटल कारोबार, वाहन संचालन समेत अन्य सुविधाओं को बढ़ाने में मदद मिलेेगी।
बिड़ला धर्मशाला के प्रबंधक वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि पर्यटन के विकास की पूरी संभावनाएं बन रही हैं। इससे दूरदराज से पर्यटक आएंगे। स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। वर्तमान में कुशीनगर को रेल लाइन से जोड़ने की आवश्यकता है। हवाई यातायात से जुड़ गया है लेकिन रेलवे की सुविधा नहीं होने से लोगों को दिक्कत होती है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेल यातायात को बढ़ाया जाना चाहिए।
पर्यटन अधिकारी डा प्राण रंजन ने बताया कि बजट में पर्यटन में बढ़ावा देने के संबंध में सरकार ने घोषणा की है। रामकोला के कोटही मनी ताल से कुशीनगर में इको टूरिज्म की शुरूआत हो चुकी है। सरकार के प्रोत्साहन से योजनाएं परवान चढ़ेंगी। इससे जिले की विभिन्न जगहों पर पर्यटक सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।
बजट से मिलेगी कुशीनगर में पर्यटन को नयी ऊर्जा
