गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केंद्रीय बजट से मिलने जा रहा है उत्तराखंड को विशेष लाभ

देहरादून : पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने आवास में संवाददाताओं को केंद्रीय बजट से राज्य को होने वाले लाभ गिनाए।
धामी ने कहा कि केंद्रीय करों में राज्य का अंश बढ़ गया है। गत वर्ष के सापेक्ष इसमें लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि है। गत वर्ष केंद्रीय करों में राज्य का अंश लगभग 9130 करोड़ रुपए था जो अब लगभग 11428 करोड़ रुपए हो जायेगा। उन्होंने बताया कि राज्यों को 50 वर्ष के लिये दिये जाने वाले ब्याज मुक्त ऋण को एक वर्ष के लिये पुनः विस्तारित किया गया है। प्रदेश के लिये यह महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लिये कृषि महत्वपूर्ण क्षेत्र है। कृषि के क्षेत्र में ऋण की बढ़ोतरी से मोटा अनाज और स्टार्ट अप को बढ़ावा दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और बिक्री के लिये प्रदेश ने यूनिटी माल स्थापित किया जा सकेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने भाषण में मिलेट्स में मडुआ का नाम विशेष रूप से लिया। हमारी सरकार मडुआ के उत्पादन को बढ़ाने में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारे यहाँ रामदाना का भी उत्पादन किया जाता है। अन्न श्री योजना से इन अनाजों का उत्पादन करने वाले किसानों को फ़ायदा होगा।
धामी ने कहा कि बजट में 50 नये पर्यटन स्थल विकसित करने की व्यवस्था की गई है। यहाँ समस्त मूलभूत सुविधाएँ विकसित की जायेंगी। इससे हमारे प्रदेश में भी नये पर्यटन स्थल विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना से देश के प्रथम गाँवों को पर्यटन विकास से जोड़ा जायेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड को चार नये नर्सिंग काॅलेज मिलेंगे। बजट में नई लैब, फ़ार्मा सेक्टर में निवेश बढ़ेगा। नर्सिंग में दक्ष युवाओं को रोज़गार के अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास के लिये राष्ट्रीय आवास बैंक से बजट मिलेगा। इससे उत्तराखण्ड के शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विकास हो सकेगा। बजट में देश में 50 नये एअरपोर्ट की स्थापना से प्रदेश में नये एअरपोर्ट का विकास हो सकेगा नये हैलीपैड बन सकेंगे। इस योजना से प्रदेश में पर्यटन और रोज़गार दोनों के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि एकलव्य आवासीय विद्यालय में शिक्षक और कर्मचारियों की नियुक्ति से राज्य के एकलव्य आवासीय विद्यालय में लोगों को रोज़गार भी मिलेगा और नये एकलव्य आवासीय विद्यालय का निर्माण भी किया जा सकेगा।
धामी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री सीतारमण को शानदार बजट प्रस्तुत करने के लिये बधाई दी। उन्होंने कहा कि बजट में ‘गरीबों और मध्य वर्ग’ का विशेष ध्यान रखा गया है। अब साल में सात लाख रुपये तक की कमाई करने वालों को इनकम टैक्स नहीं देना होगा। नये आयकर स्लेब से मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा वर्ग को बहुत लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के बजट में बढ़ोतरी से सबको मजबूत छत का स्वप्न पूरा होगा। महिलाओं के लिए नई बचत योजना का एलान किया गया है। इस पर उन्हें 7.5 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज दिया जाएगा। किसानों के लिए यह बजट सौगात लेकर आया है। किसानों को 20 लाख करोड़ तक ऋण बांटने का लक्ष्य रखा है तो मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए श्री अन्न योजना की शुरुआत की है। एग्रीकल्चर एक्सीलेटर फंड बनाया जाएगा ताकि कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा सके। ’मत्स्य संपदा’ की नई उपयोजना में 6000 करोड़ के निवेश का फैसला लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *