गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

औरैया में युवती के अपहरण का प्रयास

ग्रामीणों ने की एक की धुनाई

औरैया : उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के बिधूना क्षेत्र में शुक्रवार को ई रिक्शा से कार में खींच कर युवती के अपहरण का प्रयास कर रहे बदमाशों की कार पलट गयी। इस बीच मौके पर जमा हुये ग्रामीणों ने एक अपहर्ता को दबोच कर जम कर धुनायी कर दी।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि भाई का जन्म दिन मनाने गुड़गांव से वापस गांव आयी तीन बहनें ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थी कि रास्ते में बुलेरो सवार युवकों ने एक बहन को जबरन बुलेरो में बैठा लिया और भागने लगे। अन्य बहनों के चीखने चिल्लाने पर ग्रामीणों ने बुलेरो को घेरा तो तेज भगाने के चक्कर में बुलेरो अनियंत्रित होकर पलट गयी। जिसके बाद ग्रामीणों ने एक अपहर्ता को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया।
उन्होंने बताया कि कोतवाली बिधूना क्षेत्र के गांव भाईपुर निवासी किरन कुमार की तीन पुत्रियां रूचि, जूली व शुभी है। इनमें शादीशुदा रूचि और जूली गुड़गांव में रहतीं हैं। तीनो बहने गुड़गांव से भाई अरूण का जन्मदिन मनाने आज सुबह गांव आयी थीं। वे अपने भाई अरूण के साथ ई-रिक्शा से गांव जा रहीं थीं कि हमीरपुर सरैया गांव के पास बुलेरो सवार चार-पांच लोगों ने ई-रिक्शा पर बैठी शुभी को जबरन खींच कर बुलेरो पर बैठा लिया जिसका बड़ी बहन जूली व अन्य ने चिल्लाते हुए विरोध किया तो अपहर्ताओं ने उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान एक अपहर्ता ने जूली सिर में तमंचे की बट मार दी जिससे जूली को काफी चोटें आ गयीं।
उधर लड़कियों की चीख पुकार की आवाज सुन कर खेतों में काम कर रहे लोग अपहर्ताओं को पकड़ने को दौड़े तो अपहर्ता लड़की को लेकर तेज रफ्तार में भागने लगे। मगर सड़क पर अधिक मोड़ होने के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गयी जिसके बाद ग्रामीणों ने एक अपहर्ता को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी जबकि अन्य भाग जाने में सफल हो गये।
पुलिस ने घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया कराया है। पुलिस पकड़े गए अपहर्ता से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *