लातेहार : झारखंड में नक्सलवाद से निपटने के लिये राज्य पुलिस, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, कोबरा एवं झारखण्ड जगुआर के द्वारा पिछ्ले एक वर्ष से बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के दौरान शुक्रवार को हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली कि बारेसाढ़ थाना अंतर्गत बूढ़ा पहाड़ के जोकपानी के जंगल में एकत्रित माओवादी दस्ता किसी बड़ी विध्वंसकारी योजना को अंजाम देने के फिराक में हैं। प्राप्त सूचना के सत्यापन संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान माओवादियों के द्वारा छुपाकर रखे गये अत्याधुनिक हथियार एवं एम्युनेशन, पाउच बरामद किया गया है। इस सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पलामू आईजी राजकुमार लकड़ा और श्री अंजन ने लातेहार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संयुक्त अभियान ने माओवादियों को गहरी चोट पहुंचायी है। उन्हें उनके गढ़ों से निकलने को विवश किया है। कई माओवादियों ने इस क्रम में आत्मसमर्पण किया। कइयों की गिरफ्तारी हुई। कई मुठभेड़ में मारे गये।उन्होने आगे बताया कि संयुक्त अभियान में सुरक्षा बालों को कई बार आई०ई०डी० से भरे मार्गो से गुजरना पड़ा और माओवादियों के द्वारा हमला करने पर उनकी गोलियों और बमों को भी झेलना पड़ा। कई सुरक्षाकर्मी गम्भीर रूप से जख्मी भी हुए हैं।
बूढ़ा पहाड़ से हथियारों का जखीरा बरामद
