गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सेंसेक्स की तेजी थमी

मुंबई : अमेरिका में रोजगार के मजबूत आंकड़े आने के बाद फेड रिजर्व के एक बार फिर लंबे समय तक ब्याज दर में आक्रामक वृद्धि का सिलसिला जारी रखने की आशंका से वैश्विक बाजार में आई गिरावट के दबाव में धातु, कमोडिटीज, आईटी, यूटिलिटीज और पावर समेत दस समूहों में हुई बिकवाली से आज सेंसेक्स की पिछले पांच दिन की तेजी थम गई।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 334.98 अंक की गिरावट लेकर 60506.90 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 89.45 अंक टूटकर 17764.60 अंक पर आ गया। हालांकि दिग्गज कंपनियों के विपरीत बीएसई की मझौली और छोटी कंपनियों में लिवाली हुई, जिससे मिडकैप 0.75 प्रतिशत की तेजी लेकर 24,631.74 अंक और स्मॉलकैप 0.49 प्रतिशत चढ़कर 28,000.37 अंक पर पहुंच गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 3793 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1695 में बिकवाली जबकि 1900 में लिवाली हुई वहीं 198 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 34 कंपनियां लाल जबकि शेष 16 हरे निशान पर रही।
बीएसई में दस समूहों में बिकवाली हुई। इस दौरान धातु 2.03, यूटिलिटीज 1.26, पावर 1.01, कमोडिटीज 0.67, ऊर्जा 0.23, वित्तीय सेवाएं 0.23, आईटी 0.67, ऑटो 0.25, बैंकिंग 0.44 और टेक समूह के शेयर 0.65 प्रतिशत उतर गए।
विदेशी बाजारों में गिरावट का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.93, जर्मनी का डैक्स 1.20, हांगकांग का हैंगसेंग 2.02 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.76 प्रतिशत गिर गया जबकि जापान के निक्केई में 0.67 प्रतिशत की तेजी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *