भोपाल : अडानी मामले को लेकर कांग्रेस द्वारा देशभर में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के बीच आज मध्यप्रदेश के राजधानी भोपाल में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय जीवन बीमा निगम और भारतीय स्टेट बैंक के कार्यालयों के सामने धरना प्रदर्शन किया गया।
भोपाल जिला शहर कांग्रेस द्वारा आज राजधानी के जीटीबी काम्प्लेक्स स्थित जीवन बीमा निगम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया गया। धरना प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश या एक संयुक्त संसदीय समिति के तहत एक निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। साथ ही यह भी मांग की गई कि एलआईसी, एसबीआई और अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों के जबर्दस्त निवेश पर संसद में चर्चा की जाना चाहिए और निवेशकों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व मंत्री पी सी शर्मा, जिला शहर कांग्रेस के अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार सिंह, कांग्रेस पदाधिकारी मुनव्वर कौसर, महिला कांग्रेस पदाधिकारी संतोष कंसाना सहित प्रशांत गुरूदेव, कुसुम राणा, महक राणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
अडानी मामले को लेकर भोपाल में भी कांग्रेस का प्रदर्शन
