चंडीगढ़ : हरियाणा पुलिस ने प्रदेश से बदमाशों, आपराधिक तत्वों और नशा तस्करों का सफाया करने के लिए ऑपरेशन आक्रमण-4 चलाया है जिसके तहत गत पांच फरवरी को एक व्यापक अभियान के दौरान आईपीसी, एनडीपीएस, एक्साइज और शस्त्र कानून के तहत 573 मामले दर्ज कर 1116 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा बड़ी मात्रा में नशा और अवैध हथियार भी बरामद किये गये।
राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने सोमवार को यहां बताया कि पुलिस अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों और शराब की तस्करी सहित राज्य में आपराधिक गतिविधियों पर सटीक जानकारी एकत्र की जा रही है। पुलिस अधीक्षकों और उपायुक्तों के नेतृत्व में 7109 पुलिस जवानों की 1327 टीमों ने अपराध और अपराधियों पर गत पांच फरवरी प्रात:काल से शुरू होकर दिनभर छापेमारी की। कई स्थानों पर एक साथ रेड करते हुए अपराधियों पर चोट की। इस दौरान कुल 50 अवैध हथियार और 25 कारतूस बरामद किए गए। इसी प्रकार 301.462 किलोग्राम गांजा, 159.24 ग्राम हेरोइन, 49 किलो चूरा पोस्त, 1.155 किलो अफीम, 34.42 ग्राम स्मैक, 83.22 ग्राम सुल्फा, 3.19 ग्राम चरस तथा 108 प्रतिबंधित नशीली गोलियां/कैप्सूल/इंजेक्शन भी बरामद किये गए।
पुलिस ने इस अभियान के दौरान कुख्यात अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 12 मोस्ट वांटेड/वांटेड तथा तीन इनामी बदमाशों को काबू किया। साथ ही 188 उद्घोषित अपराधी और 15 बेल जम्पर्स भी पकड़े गये। इसके अलावा विशेष अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में शामिल 288 अन्य आरोपियों को भी काबू कर उनके कब्जे से दो सोने की चेन, 28 मोबाइल फोन, 359000 रुपये की नकदी और 38 वाहन बरामद किए गए। अभियान के दौरान पुलिस 10,620 बोतल अंग्रेजी शराब, 1752 बोतल देसी शराब, 58 बोतल बीयर, 932 बोतल अवैध शराब और 632 लीटर लाहन जब्त कर शराब तस्करों पर नकेल कसने में कामयाब रही। जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 1,91,776 रुपये की नकदी भी बरामद की।
बदमाशों, अवैध गतिविधियों के विरूद्ध बड़ा अभियान
