भीलवाड़ा : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 148 डी धौड़ घाटी के पास डंपर की टक्कर से कार सवार तीन युवको की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार, सरसिया निवासी रमेश मीणा 26, मथरा मीणा, धीरज 20, एवं नरेंद्र मीणा के साथ ही नाथूण निवासी लेखराज 23 एवं अशोक मीणा रविवार रात 12 बजे कार से नाथूण गांव से सरसिया जा रहे थे। यह कार, धौड़ घाटी के पास पहुंची थी कि जहाजपुर की ओर से आये बजरी भरे डंपर ने कार को टक्कर मार दी।
भिड़ंत इतनी जोरदार थी, जिससे की कार सवार रमेश मीणा, धीरज सुवालका एवं लेखराज मीणा की मौत हो गई, जबकि अशो मीणा एवं नरेंद्र मीणा घायल हो गये, जिन्हें जहाजपुर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर जुट गये। भीड़ में शामिल लोगों ने कार को चपेट में लेने वाले डंपर के साथ ही दो ट्रेलरों को आग के हवाले कर दिया और पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिये। पुलिस पर भी पत्थराव किया। इससे हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। हालात को देखते हुये जहाजपुर के साथ ही जिले के कई थानों की पुलिस को वहां बुलवा लिया गया।
तीनों शवों को जहाजपुर अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया। इसके बाद सुबह दस बजे परिजनों व भाजपा पदाधिकारियों ने मुआवजे के साथ ही चारसूत्रीय मांगों को लेकर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गये।
डंपर एवं कार में टक्कर से 3 की मौत, दो घायल
