गुलमर्ग, पहलगाम में गिरावट
श्रीनगर : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में रात के तापमान में सुधार हुआ है जबकि गुलमर्ग, पहलगाम में इसमें गिरावट दर्ज की गई है और अगले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी मंगलवार को दी।
मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर घाटी में फिलहाल बादल छाए हुए हैं और 09 फरवरी की शाम से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात होने और पूरे जम्मू कश्मीर में व्यापक रूप से मध्यम बर्फबारी/बारिश होने की आशंका जतायी गयी है।
जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 1.8 डिग्री सेल्सियस था। इस मौसम में तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया है।
उत्तरी कश्मीर का पर्यटक स्थल गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि इससे पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया था। यह मौसम में सामान्य से 0.3 डिग्री कम दर्ज किया गया है।
श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित काजीगुंड में न्यूनतम तापमान पिछले दिन के 1.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वर्ष मौसम की इस अवधि में तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह शून्य से नीचे 0.3 डिग्री सेल्सियस था। गड़ेरियों की इस घाटी में तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है।
दक्षिण कश्मीर के पिकनिक स्थल कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसम विभाग ने कहा कि कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह शून्य से नीचे 0.3 डिग्री सेल्सियस था। जो इस अवधि में सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
