गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

देश को ठगने का रहा है कांग्रेस का इतिहास

उत्तर त्रिपुरा/खोवाई/त्रिपुरा सदर : योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस का इतिहास देश की जनता को ठगने का रहा है और इस बार कम्युनिस्टों के साथ मिलकर दक्षिणी पूर्वी राज्य के लोगों की सुरक्षा में सेंध लगाने आयी है।
बागबासा और कल्याणपुर-प्रमोदनगर विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो के बाद जनसभाओं को संबोधित करते हुये योगी ने विकास कार्यों के बलबूते दूसरी बार त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनाने की अपील की।
बागबासा से भाजपा उम्मीदवार जादब लाल नाथ के पक्ष में आयोजित जनसभा में योगी ने कहा कि पांच वर्ष में डबल इंजन की सरकार के कार्यों ने त्रिपुरा को अलग पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास का वास्तविक रूप त्रिपुरा में धरातल पर दिख रहा है। भाजपा सरकार बिना भेदभाव सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास को चरितार्थ कर रहा है।
उन्होंने कहा,“ कम्युनिस्टों का कुशासन और कांग्रेस मिलकर चुनाव मिलकर लड़ रहे हैं। कुशासन को कई गुना बढ़ाने और अराजकता फैलाना के लिए वे फिर से मैदान में हैं। कांग्रेस ने सुरक्षा का भीषण संकट पैदा किया, उसने कम्युनिस्टों के साथ मिलकर सुरक्षा में सेंध लगाने आई है। कांग्रेस ने किसी भी तबके तक शासन की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचने दिया। जब श्री मोदी के नेतृत्व में सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है तो कांग्रेस को बुरा लगता है।”
योगी ने कहा,“ कांग्रेस राम मंदिर का विरोध करती थी, लेकिन आज राम मंदिर निर्माण कार्य अंतिम चरणों में चल रहा है। कांग्रेस रामसेतु को तोड़कर भगवान राम और साथ ही साथ श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही थी। त्रिपुरा में पांच वर्ष बाद आने का अवसर मिल रहा है तो कह सकता हूं कि पीएम मोदी और सीएम डॉ. मानिक साहा के नेतृत्व में बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंच रहा है। कम्युनिस्टों और कांग्रेस ने विभाजन किया। आज जनजातीय समुदाय से जुड़ी बहन देश की राष्ट्रपति बनती हैं। केंद्र सरकार में कैबिनेट में सबसे अधिक मंत्री ओबीसी समुदाय से हैं। वे समाज का प्रतिनिधित्व कर सबका विकास कर रहे हैं।”
खोवाई जिले के कल्याणपुर-प्रमोद नगर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली में उन्होंने निवर्तमान विधायक एवं भाजपा उम्मीदवार पिनाकी दास चौधरी के पक्ष में वोट मांगे। उन्होंने कहा,“ वर्ष 2018 में भाजपा ने त्रिपुरा की खुशहाली और समग्र विकास के लिए समर्थन मांगा था। पैंतीस वर्षों तक कम्युनिस्ट और कांग्रेस के लोगों ने विकास नहीं होने दिया था, त्रिपुरा में विकास की योजनाओं में डकैती डाली। कांग्रेस और कम्युनिस्ट एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। जनता ने सबक सिखाया तो इनका अस्तित्व मिट रहा है। वे नौजवानों को बेरोजगार, किसानों को बदहाल, मां-बहनों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे थे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *