गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

यूपी में निवेश करेगी जेके सीमेंट

लखनऊ : देश के बड़े औद्योगिक घरानो में शुमार जेके सीमेंट लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश में करीब 1200 करोड़ रूपये के निवेश की प्रतिबद्धता जतायी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जेके सीमेंट लिमिटेड ने 1200 करोड़ रुपए के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इसके अंतर्गत कंपनी आगामी 12 महीनों में 500 करोड़ रुपए के निवेश से प्रयागराज में एक यूनिट की स्थापना करेगी। कंपनी यूपी में 700 करोड़ की दो परियोजनाओं पर पहले से ही काम कर रही है। कंपनी के डिप्टी एमडी और सीईओ 10 से 12 फरवरी के मध्य राजधानी लखनऊ के वृंदावन योजना में आयोजित हो रही उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में भाग लेंगे, ताकि यूपी में कंपनी के विकास के लिए दीर्घकालिक रोडमैप तैयार किया जा सके। कंपनी के डिप्टी एमडी और सीईओ माधवकृष्ण सिंघानिया ने कहा “ उत्तर प्रदेश निश्चित रूप से हमारी विस्तार योजनाओं के लिए एक पसंदीदा गंतव्य है। जेके सीमेंट को प्रयागराज जिले में 2.50 एमटीपीए की क्षमता वाली अपनी तीसरी क्लिंकर ग्राइंडिंग यूनिट की स्थापना की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। इस परियोजना के अगले 12 महीनों में 500 करोड़ रुपये के निवेश के साथ पूरा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही जेके सीमेंट ने पूर्वी भारत में अपनी पहुंच को और मजबूत किया है। ”
कंपनी ने हाल ही में हमीरपुर (बुंदेलखंड) में अपनी दूसरी ग्रे सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट का उद्घाटन किया है। 400 करोड़ रुपए के प्रस्तावित निवेश के साथ पिछले साल यूपी सरकार के साथ हस्ताक्षरित एक समझौता ज्ञापन के तहत हमीरपुर में नवनिर्मित इकाई की कुल उत्पादन क्षमता दो मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) है और इसने काम करना शुरू कर दिया है।
वहीं, अलीगढ़ में चालू की गई पहली ग्रीनफील्ड स्प्लिट सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट लगभग 300 करोड़ रुपए के निवेश के साथ 1.50 एमटीपीए की क्षमता के साथ स्थापित की गई थी। 1200 करोड़ रुपये के कुल निवेश के साथ सभी तीन ग्रीनफील्ड ग्राइंडिंग इकाइयां यूपी में अपनी उपस्थिति में सुधार करने और रोजगार के अवसर पैदा करके समुदायों की आजीविका में सुधार के अलावा प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *