गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पंत की जगह भरने को खिलाड़ी मौजूद

नागपुर : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को स्वीकार किया कि उन्हें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में प्रतिभावान विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत की कमी महसूस होगी, हालांकि उनके पास पंत की जगह भरने के लिये खिलाड़ी मौजूद हैं।
रोहित ने पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “ हमें ऋषभ पंत की कमी महसूस होगी, लेकिन हमारे पास वह भूमिका निभाने के लिए खिलाड़ी हैं। हमने खिलाड़ियों से उनकी योजनाओं के बारे में बात की है और उम्मीद है कि कल से हम उन्हें लागू कर सकेंगे।”
गौरतलब है कि पंत 2020 से 2022 तक टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिये सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने इस दौरान खेले गये 22 मैचों में 43.34 की औसत से 1517 रन बनाये हैं।
पंत ने मुख्यतः अपनी मैच-जिताऊ पारियों से कई बार भारत को संकट से निकाला है। पिछली बार जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, तब पंत के नाबाद 89 रन के दम पर ही मेहमान टीम गाबा का किला फतह कर सकी थी।
रोहित ने एकादश में पंत की जगह भरने की बात कही, हालांकि खिलाड़ियों के चयन के सवाल पर उन्होंने होंठ सिल लिये।
जब रोहित से एकादश के संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा “ चयन मुश्किल होगा। सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यह टीम के लिये अच्छे संकेत हैं। हम हर मैच में जाते हुए स्थिति का जायज़ा लेकर ही एकादश चुनेंगे। खिलाड़ी यह बात जानते हैं और हमने शृंखला से पहले इस पर चर्चा की है।”
भारत को नागपुर में कंगारुओं का सामना करने के बाद दिल्ली, धर्मशाला और अहमदाबाद में भी एक-एक टेस्ट खेलना है। अगर मेज़बान टीम यह सीरीज 3-1 से जीतती है तो वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में जगह बना लेगी। अगर जीत का अंतर इससे कम होता है तो उसे श्रीलंका-न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका-वेस्ट इंडीज टेस्ट शृंखलाओं के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
रोहित हालांकि फिलहाल डब्ल्यूटीसी फाइनल के बारे में नहीं सोच रहे और सामने खड़ी ऑस्ट्रेलियाई चुनौती पर ध्यान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, “ सच कहूं तो हमने उसके (डब्ल्यूटीसी फाइनल) के बारे में ज्यादा बात नहीं की है। हम सिर्फ इस सीरीज में अच्छा करने की कोशिश करेंगे और देखेंगे कि क्या होता है। उसके बारे में सोचने में अभी वक्त है। हम फिलहाल उसके गणित में नहीं पड़ना चाहते। हम फिलहाल सामने मौजूद टेस्ट मैचों को जीतने पर ध्यान देना चाहते हैं। यह सभी मैच अलग-अलग स्थानों पर हैं और सभी एक अलग चुनौती पेश करेंगे।”
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी शुरू होने से पहले भारतीय पिचों की भी भरपूर चर्चा हुई है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर इयन हीली ने भारत को ‘निष्पक्ष’ पिचें बनाने की सलाह भी दी, हालांकि कप्तान रोहित पिच पर चर्चा करने की जगह क्रिकेट पर ध्यान देना चाहते हैं।
रोहित ने कहा, “ मुझे लगता है कि हमें अगले पांच दिनों में यहां होने वाली क्रिकेट पर ध्यान देना होगा और पिच के बारे में ज्यादा चिंता नहीं करनी होगी। पिछली सीरीज में हम यहां खेले थे, पिचों के बारे में बहुत कुछ बोला गया था। खेलने जा रहे सभी 22 खिलाड़ी अच्छे क्रिकेटर हैं। इसलिए हमें इस बारे में ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए कि पिच कैसी होगी, यह कितना टर्न ले रही है, सीमिंग है या नहीं। हम बस मैदान पर उतरकर अच्छी क्रिकेट खेलने जा रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *