शिवपुुरी : कमलनाथ ने चुनाव नहीं लड़ने संबंधित खबरों को खारिज करते हुए आज कहा कि वे कुछ समय बाद तय करेंगे कि उन्हें कहां से चुुनाव लड़ना है।
कमलनाथ शिवपुरी जिले के पोहरी में संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई नई बात नहीं की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं इस बात को कई बार दोहराया है कि वे किसी पद के आकांक्षी नहीं हैं। उनका लक्ष्य मध्यप्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखने का है।
इसी क्रम में कमलनाथ ने कहा कि अभी पिछले कुुछ दिनों में पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, अरुण यादव और अजय सिंह उनके साथ विभिन्न मंचों पर मौजूद थे।
स्वयं के चुुुनाव नहीं लड़ने संबंधित खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी इस प्रकार की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि वे छिंदवाड़ा (विधानसभा) के निवासी नहीं हैं, इस जिले के सौंसर विधानसभा के हैं। सौंसर वाले उनसे वहीं से चुनाव लड़ने का आग्रह करते हैं। इस के साथ ही उन्होंने कहा कि वे कुछ समय बाद तय करेंगे कि वे कहां से चुनाव लडेंगे, सौंसर से या छिंदवाड़ा से।
कमलनाथ वर्तमान में छिंदवाड़ा विधानसभा से विधायक है। वे लंबे समय से इसी संसदीय क्षेत्र से सांसद भी थे। कमलनाथ ने कहा कि दूसरी पार्टियों से आने वाले नेताओं को टिकट देने के विषय में फैसला स्थानीय नेतृत्व करेगा।
इस दौरान भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग मौजूदा सरकार से परेशान है। ऐसे में उन्हें मतदाताओं पर पूरा विश्वास है कि वे अपना भविष्य सुरक्षित रखेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास यात्राओं को लेकर कहा कि शासकीय पैसों और संसाधनों का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग करके यह यात्रा निकाली जा रही है।
कुछ समय बाद तय करूंगा कहां से चुनाव लड़ना है
