देहरादून : पुष्कर सिंह धामी ने सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार परीक्षार्थियों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के साथ कोई भी अन्याय नहीं होने देगी।
धामी ने शुक्रवार को यहां कहा कि जैसे ही राज्य सरकार को भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक का पता चला वैसे ही हमने भर्ती परीक्षाओं को दोबारा करने का निर्णय लिया ताकि छात्रों के साथ कोई अन्याय ना हो सके। इसके साथ ही परीक्षा में लगने वाले शुल्क को राज्य सरकार ने माफ किया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन सभी परीक्षार्थियों को रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर का भी सरकार ने आदेश किया है। सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार पूरी तरह से छात्र छात्राओं के साथ है और हम सभी छात्र–छात्राओं से निवेदन करते हैं कि वो प्रदर्शन छोड़ परीक्षाओं की तैयारी में लग जाएं और अपने भविष्य पर ध्यान दें ।
वहीं धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश के साथ उत्तराखंड में भी कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक जमीन खो दी है और अब बेरोजगार छात्र-छात्राओं के सहारे वो राजनीति कर रहे हैं जो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि बीते रोज हुई प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी में भी कुछ राजनीतिक दलों के लोग शामिल थे, जिसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए सड़कों पर जूझ रहे राज्य बेरोजगार संघ के नेताओं से आज इससे पहले अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने भेंट की।
बेरोजगार संघ सदस्यों ने उन्हें अपने मुद्दों से अवगत कराया। इससे पहले आंदोलन कर रहे युवाओं ने कलेक्ट्रेट स्थित जिला अधिकारी कार्यालय में घुसकर प्रदर्शन किया।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि बेराजगार संघ द्वारा रखे गये मुद्दों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा अपनी बात शांतिपूर्वक तरीके से रखें। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिल्कुल निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाए। इसी उद्देश्य से उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लाया गया है।
बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय नहीं होने देंगे
