गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरियाणा में रबी फसलों की खरीद 28 मार्च से शुरू होगी

चंडीगढ़ : हरियाणा में रबी फसलों की खरीद 28 मार्च से शुरू होगी तथा इस कड़ी में 28 मार्च से सरसों, एक अप्रैल से चना तथा एक जून से सूरजमुखी की खरीद की जाएगी।
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने सोमवार को रबी फसलों की खरीद समय पर सुनिश्चित करने तथा इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को खरीद की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, खरीद केंद्र चिन्हित करने, भंडारण एवं बारदानों की समुचित व्यवस्था करने तथा रबी फसलों की समय पर खरीद प्रारंभ करने के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि राज्य में वर्ष 2022-23 के दौरान सरसों की खेती 18.16 लाख एकड़, चना और सूरजमुखी क्रमशः 93,000 एकड़ और 37,000 एकड़ भूमि में की गई है। इस वर्ष 765 किलोग्राम प्रति एकड़ के अनुसार सरसों की 13.89 लाख टन तथा 436 किलोग्राम प्रति एकड़ के अनुसार चना 40,000 टन तथा 800 किलोग्राम प्रति एकड़ के अनुसार सूरजमुखी का 30,000 टन पैदावार होने की सम्भावना है।
श्री कौशल के अनुसार हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ (हैफेड) केंद्र की मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) की ओर से सूरजमुखी के बीज और चने की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करेगा। इसके अलावा, हरियाणा राज्य भंडारण निगम सरसों की एमएसपी पर खरीद करेगा। राज्य सरकार ने मूल्य समर्थन योजना के तहत बाजार शुल्क पर जीएसटी की प्रतिपूर्ति के लिए प्लान योजना के अंतर्गत 311.84 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति-एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक मुकुल कुमार, कृषि एवं किसान कल्याण, हैफेड और एचएसडब्ल्यूसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *