गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इन्दौर को दुनिया का बेहतरीन शहर बनायेंगे

इंदौर : शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सुशासन की नई मिसाल कायम हो रही है। सरकार हर वर्ग की तरक्की और कल्याण के कार्य कर रही है। माफिया, गुण्डे, बदमाशों के लिये प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
चौहान ने फूटी कोठी चौराहे पर 55 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले 6 लेन फ्लाईओवर ब्रिज का भूमि-पूजन किया। फ़्लाइओवर इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना की महिला हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि बेटियों से दुराचार करने वालों के लिये फाँसी का प्रावधान है। प्रदेश में विकास यात्रा चल रही है। यह जनता की जिन्दगी बदलने का अभियान है। योजनाओं में जिन व्यक्तियों के नाम छूट गये हैं, उन्हें जोड़ा जा रहा है और लाभ दिया जा रहा है। हर व्यक्ति के लिये रोटी, मकान, पढ़ाई, इलाज और रोजगार सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्दौर को दुनिया का बेहतरीन शहर बनायेंगे। यहाँ तेज गति से विकास कार्य किये जा रहे हैं। राजवाड़ा के गौरव को पुन: स्थापित किया जा रहा है। यह देवी अहिल्या बाई के सुशासन का प्रतीक है। गोपाल मंदिर का पुर्नउद्धार हो रहा है। यहाँ आज जिस फ्लाई ओवर ब्रिज उदघाटन किया जा रहा है उसका नाम संत श्री सेवालाल जी महाराज ब्रिज रखा जायेगा। दो दिन बाद 15 फरवरी को संत श्री सेवालाल जी महाराज की जयंती है। हम उन्हें नमन करते हैं।
श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में बहनों की जिन्दगी बदलने का अभियान चल रहा है। लाड़ली बहना योजना के लिये मार्च माह से फार्म भरे जायेंगे और जून माह से 1000 रूपये महीना बहनों के खाते में पहुँचेगा। योजना में गरीब, निम्न और मध्यम वर्ग की बहनें शामिल होंगी। वृद्धावस्था पेंशन की राशि भी एक हजार रूपये महीना की जायेगी। प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना भी संचालित है।
इन्दौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि फ्लाईओवर 625 मीटर लंबाई एवं 24 मीटर चौड़ाई का होगा। निर्माण की समय-सीमा 18 माह निर्धारित की गई है। इसके बन जाने से धार रोड से आने वाला ट्रेफिक सीधे एबी रोड और केसरबाग ब्रिज की ओर जा सकेगा। साथ ही रिंग रोड की ओर से आने वाला ट्रेफिक बिना किसी बाधा के धार रोड की ओर जा सकेगा। इसके बनने से फूटी कोठी पर यातायात नहीं रूकेगा। छह लेन ब्रिज के लिए चौराहे से कोई बाधक निर्माण नहीं हटाना पड़ेगा। बिजली के पोल शिफ्ट होंगे, जिसका सर्वे आइडीए ने कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *