गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शेयर बाजार एक माह के उच्चतम स्तर पर

मुंबई : अमेरिका में महंगाई के आंकड़े जारी हाने से पहले वैश्विक बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर आईटीसी, रिलायंस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई जैसी दिग्गज कंपनियों में हुई लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार करीब एक माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 600.42 अंक अर्थात 0.99 प्रतिशत की उड़ान भरकर लगभग एक महीने बाद 61 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 61032.26 अंक पर पहुंच गया। इससे पूर्व यह 18 जनवरी को 61045.74 अंक पर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 158.95 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की तेजी लेकर 17929.85 अंक पर रहा।
वहीं, बीएसई की दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में बिकवाली का दबाव रहा। इससे मिडकैप 0.44 प्रतिशत की गिरावट लेकर 24,471.96 अंक और स्मॉलकैप 0.61 प्रतिशत कमजोर होकर 27,761.38 अंक पर रहा। इस दौरान बीएसई में कुल 3614 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2205 में बिकवाली जबकि 1296 में लिवाली हुई वहीं 113 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 30 कंपनियां हरे जबकि शेष 20 लाल निशान पर रही।
विश्लेषकों के अनुसार, सभी की निगाहें आज जारी होने वाले अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर टिकी हैं। अर्थशास्त्रियों को उम्मीद है कि जनवरी में मुद्रास्फीति की दर घटकर 6.2 प्रतिशत रह जाएगी। इससे उत्साहित निवेशकों की लिवाली से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.49, जर्मनी का डैक्स 0.25, जापान का निक्केई 0.64 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.28 प्रतिशत चढ़ गया जबकि हांगकांग के हैंगसेंग में 0.24 प्रतिशत गिरावट रही।
विदेशी बाजारों के सकारात्मक रुख के प्रभाव से घरेलू बाजार के प्रति भी निवेशकाें की निवेश धारणा मजबूत रही। इससे बीएसई में नौ कमोडिटीज 0.09, ऊर्जा 0.49, एफएमसीजी 0.91, वित्तीय सेवाएं 0.72, आईटी 0.97, दूरसंचार 0.13, बैंकिंग 0.85, धातु 0.75 और टेक समूह के शेयर 1.00 प्रतिशत चढ़ गए।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 118 अंक की तेजी लेकर 60,550.25 अंक पर खुला और यही इसका दिवस का निचला स्तर भी रहा। लगातार जारी बिकवाली से समर्थन पाकर यह दोपहर बाद 61,102.74 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले दिवस के 60,431.84 अंक के मुकाबले 0.99 प्रतिशत की छलांग लगाकर 61,032.26 अंक पर रहा।
इसी तरह निफ्टी भी 69 अंक बढ़कर 17,840.35 अंक पर खुला। सत्र के दौरान यह 17,954.55 अंक के उच्चतम जबकि 17,800.05 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 17,770.90 अंक की तुलना में 0.89 प्रतिशत की बढ़त लेकर 17,929.85 अंक पर पहुंच गया।
इस दौरान सेंसेक्स की 19 कंपनियों में तेजी जबकि शेष में गिरावट का रुख रहा। मुनाफा कमाने वाली प्रमुख कंपनियों में आईटीसी 3.31, रिलायंस 2.35, बजाज फाइनेंस 1.84, आईसीआईसीआई बैंक 1.78, इंफोसिस 1.61, एक्सिस बैंक 1.30, विप्रो 1.00, एचसीएल टेक 0.98, टेक महिंद्रा 0.94, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.92, एचडीएफसी बैंक 0.89, भारती एयरटेल 0.89, बजाज फिनसर्व 0.84, एसबीआई 0.62, एचडीएफसी 0.55, टीसीएस 0.47, टाटा स्टील 0.41, नेस्ले इंडिया 0.12 और इंडसइंड बैंक 0.04 प्रतिशत शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *