गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में 153 सड़कें यातायात के लिए बंद

केलांग में-6.6 डिग्री पारा

शिमला : हिमाचल प्रदेश में चार दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं जबकि बीते दिनों हुई बर्फबारी से राज्य में 153 सड़कें यातायात के लिए ठप हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक ने बताया कि राज्य में 18 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है जबकि 19 फरवरी को एक-दो स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। राजधानी शिमला और अन्य भागों में आज मौसम साफ बना रहा। धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली है। पांगी के घिसल गांव में दो दिन पहले बर्फीले तूफान से ऐतिहासिक नाग मंदिर की छत उखड़ गयी। गनीमत यह रही कि गांव के घरों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जहां मंदिर है, वहां से लोगों के घर काफी दूर हैं।
उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से हिमाचल में अभी भी 153 सड़कें यातायात के लिए ठप हैं। लाहौल-स्पीति जिले में सबसे अधिक 139 सड़कें बंद हैं। इसी तरह उपमंडल पांगी, स्पीति व डोडरा क्वार में 23 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हैं। चंबा, भरमौर, लाहौल, उदयपुर मंडल में 10 पेयजल स्कीमें भी प्रभावित चल रही हैं।
चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी की मिंधल पंचायत के अझल नाले में हिमस्खलन से हुआ है। जब पहाड़ से नाले में बर्फ का सैलाब आया तो उससे ठीक नीचे लोग मिंधल गांव के रास्ते से आवाजाही कर रहे थे। इस रास्ते से पहाड़ में होने वाली गतिविधि का पता नहीं लगता। लेकिन, मिंधल माता मंदिर के पास मौजूद लोगों की नजर हिमस्खलन पर पड़ गई। इसके चलते उन्होंने नीचे रास्ते से गांव की तरफ आवाजाही करने वाले लोगों को सीटियां और आवाजें लगाकर सचेत कर दिया। शिमला में न्यूनतम तापमान 7.8, सुंदरनगर 2.9, भुंतर 3.0, कल्पा माइनस 1.4, धर्मशाला 5.2, ऊना 4.8, नाहन 10.4, केलांग माइनस 6.6, पालमपुर 6.0, सोलन 7.0, मनाली 1.6, कांगड़ा 5.5, मंडी 5.0, बिलासपुर 5.0, हमीरपुर 3.6, चंबा 5.2, डलहौजी 8.4, जुब्बड़हट्टी 8.8, कुफरी 7.2, कुकुमसेरी माइनस 5.8, नारकंडा 4.6, रिकांगपिओ 1.9, सेऊबाग 2.5, धौलाकुआं 5.4, बरठीं 3.0, पांवटा साहिब 7.0 और सराहन 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *