भुवनेश्वर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में बुधवार को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी और सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू करेगी।
पार्टी 16 फरवरी को राज्यपाल भवन के सामने धरना भी देगी और राज्य सरकार को बर्खास्त करने के लिए राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी के पांच अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के लोगों को सुरक्षा देने में विफल रहे है अत: उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की अक्षमता के कारण राज्य में अराजकता फैली हुई है। भाजपा समर्थकों ने अपनी मांगों के समर्थन में राजधानी के ए जी चौक, जयदेव विहार, पलासुनी, खंडगिरि और समंतरपुर में प्रदर्शन किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान राज्य में राजनीतिक हिंसा कई गुना बढ़ गई है और कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है।
भाजपा 15 फरवरी को सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू करेगी
