चेन्नई : तमिलनाडु में चेन्नई के अन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क हवाई खुफिया इकाई के अधिकारियों ने गिनी से आये एक यात्री को गिरफ्तार कर 1,539 ग्राम प्रतिबंधित दवा एम्फेटामीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।
चेन्नई हवाई सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि उन्होंने खुफिया जानकारी के आधार पर एक पुरुष यात्री को रोका, जो अदिस अबाबा के रास्ते गिनी से आया था। उसके सामान की जांच करने पर बैग के तले के अंदर काले रंग का पाउच मिला, जिसमें सफेद रंग का पदार्थ था। परीक्षण के बाद पता चला कि वह एम्फेटामाइन है, जिसका वजन करीब 1,539 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।
प्रतिबंधित दवा को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 और सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार, यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
चेन्नई हवाईअड्डे पर तीन करोड़ रुपये की एम्फेटामाइन जब्त
