शिमला : हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के चिड़गांव थाना क्षेत्र में एक मकान में आग लग जाने से 12 साल का एक किशोर जिंदा जल गया तथा परिवार के पांच सदस्य झुलस गये, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
पुलिस ने बताया कि मृतक किशोर की पहचान पवन के रूप में की गयी है। घटना में गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को आईजीएमसी रैफर किया गया है, वहीं शेष तीन का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक सदस्य पूरी तरह सुरक्षित है।
पुलिस के मुताबिक आगजनी की ये घटना रोहड़ू उपमण्डल के चिड़गांव के टोडसा गांव में सोहन लाल के दो मंजिला मकान में हुई। मकान लकड़ी का बना हुआ था। सोहन लाल परिवार के सात सदस्यों के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर सोए हुए थे। देर रात दूसरी मंजिल में अचानक आग भड़की और परिवार के सदस्यों ने बड़ी मुश्किल से जान बचाई। हादसे में किशोर आग से घिर गया और उसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। आगजनी के इस भयावह हादसे की जद में आया ये परिवार खेती बाड़ी करता है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया इसकी वजह शार्ट सर्किट लग रही है।
आग में झुलसने से किशोर की मौत
