भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गाडरीखेड़ा में चने की ओट में अफीम की फसल का खुलासा करते हुये एक खेत से 1191 पौधे जब्त कर बुजुर्ग खेत मालिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि थाना प्रभारी इलाके में गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से मोबाइल पर सूचना मिली कि रीछडा गांव से आगे गाडरीखेडा के लादू बैरवा नेे अपने खेत मे अवैध अफीम डोडा पोस्त पौधे उगा रखे है। मौके पर तुरंत कार्यवाही की जावे। अन्यथा खेत के अवैध अफीम डोडा पोस्त के पौधो को खुर्द बुर्द किया जा सकता है।
सूचना पर पुलिस लादू बैरवा के खेत पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मौजूद मिला। उसने खुद को गाडरीखेड़ा निवासी लादुलाल बैरवा 62 बताया। पुलिस ने अफीम के इन पौधों को उखाड़ा और गिनती की तो कुल 1191 पौधे मिले। इनमें से 791 पौधों पर डोडे लगे थे, जबकि 400 पौधे बिना डोडे के थे। इन पौधों का वजन 42 किलो 850 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने अफीम के पौधे जब्त कर लादू बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
अवैध रूप से अफीम की खेती के 1191 पौधे जब्त
